भोरंज(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की समलोग पंचायत में एक 45 वर्षीय व्यक्ति डैम में डूब गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। व्यक्ति को डैम में ढूंढने का काफी प्रयास किया लेकिन रात साढ़े नौ बजे तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। अब पुलिस मंगलवार सुबह व्यक्ति की तलाश करेगी। डूबे हुए व्यक्ति की पहचान वीरेंद्र कुमार पुत्र अमर सिंह निवासी समलोग भोरंज के रूप में हुई है। वीरेंद्र कुमार दो अन्य लोगों के साथ सोमवार शाम करीब सात बजे गांव में ही बने एक डैम में नहाने गया। तीनों ने डैम में डुबकी मारी, दो लोग बाहर निकल आए लेकिन वीरेंद्र कुमार बाहर नहीं निकला। जब काफी देर बाद भी वह बाहर नहीं निकला तो दोनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। दोनों लड़कों ने इसकी सूचना पुलिस व स्थानीय लोगों को दी। पुलिस ने रात साढ़े नौ बजे तक अंधेरा अधिक होने व डैम में पानी ज्यादा होने के चलते तलाश बंद कर दी है। वीरेंद्र बस्सी बाजार में फोटोग्राफर की दुकान करता था। उधर, पुलिस अधीक्षक कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने कहा कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अंधेरे के कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं।