भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज में प्रतिदिन बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले चार दिन से प्रतिदिन सुबह के समय बिजली गुल हो जाती है और करीब दो या तीन घंटे के बाद बहाल होती है। इससे कॉलेज, स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों व अन्य लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों व्यापार मंडल भोरंज के प्रधान सुभाष ठाकुर, अमन सोनी, गरीब दास, रणवीर सिंह, अश्वनी राजीव आदि ने कहा कि सुबह के समय बिजली की अधिक आवश्यकता होती है। ऐसे में बिजली न होने से परेशानी झेलनी पड़ती है। हालांकि, बिजली बोर्ड हर माह बिजली लाइनों की मरम्मत और रखरखाव के नाम पर निर्धारित तिथियों को बिजली कट लगाता है, ताकि बिजली लाइन व उपकरणों का उचित रखरखाव कर सके। लेकिन, बिना किसी पूर्व सूचना के लगने वाले कटों से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सर्दियों के मौसम में बिजली की अधिक आवश्यकता होती है।
इस बारे में बिजली उपमंडल भोरंज के एसडीओ अनुराग चंदेल ने कहा कि हाल ही में भोरंज में नया बिजली ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। ट्रांसफार्मर के साथ केबल तार व बिजली वोल्टेज की समस्या का समाधान किया जा रहा है। इस कारण बिजली की आपूर्ति थोड़े समय के लिए बंद की जा रही है।