नादौन(हमीरपुर)। उपमंडल नादौन में एसडीएम विजय कुमार ने शनिवार को अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की। एसडीएम ने पत्तन बाजार में सड़क किनारे से अतिक्रमण हटवाया और दुकानदारों को चेतावनी दी कि अगली बार यदि उन्होंने अपनी दुकानों के बाहर सड़क पर सामान लगाया तो उस सामान को जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब्त सामान की बाद में नीलामी करवाई जाएगी। विजय धीमान ने कहा कि पत्तन बाजार में जिन दुकानदारों ने दुकानों के आगे सड़क पर सामान लगाया था। उन्हें शनिवार को सामान हटवाकर दोबारा ऐसा न करने की केवल चेतावनी दी है। परंतु दूसरी बार पकड़े जाने पर उनका सामान जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के बाजारों से इस तरह के अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान आरंभ किया गया है। जिसके तहत शहर के बाजारों का औचक निरीक्षण अब निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने शहर भर के समस्त दुकानदारों को भी चेतावनी दी है कि वह बाजार की सड़कों पर अतिक्रमण न करें अन्यथा उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। धीमान ने कहा कि काफी समय से बाजारों में किए गए अतिक्रमण के बारे शिकायतें मिल रही थी, जिसके बाद यह विशेष अभियान आरंभ किया गया है।