उपमंडल नादौन के साथ लगती दरीण पंचायत में एक युवक की छत से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मृतक की पहचान अमनप्रीत सिंह (30) पुत्र भान सिंह निवासी इकोला जिला लुधियाना के रूप में हुई है। अमनप्रीत सिंह दरीण पंचायत के गगड़ूही गांव में किराये के कमरे में रहता था। अमनप्रीत नादौन में कारपेंटर का काम करता था।
वीरवार रात अमनप्रीत किसी काम से छत पर गया और इस दौरान वह छत से नीचे गिर गया। स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले गए लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ज्वालामुखी पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले लिया।
शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी एएसआई पराक्रम सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।