पुलिस थाना सदर के कोहली में वाहनों की चेकिंग के दौरान दो स्कूटर सवारों से पुलिस ने 46.66 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वाहन भी जब्त कर लिया है।
मिली जानकारी अनुसार रविवार शाम कोहली के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान भिड़ा की तरफ से दो युवक स्कूटर पर सवार होकर आए। पुलिस की नाकाबंदी देख उन्होंने स्कूटर को खड़ा कर दिया और मौके से भागने लगे। पुलिस ने दोनों स्कूल सवारों को दबोच लिया। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों युवकों की तलाशी ली। इस दौरान स्कूटर के पीछे बैठे लक्की पटियाल पुत्र स्व. रोशन लाल गांव दवसाई, भिड़ा की जेब से 46.66 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने लक्की पटियाल और उसके साथी स्कूटर चालक अजय पुत्र कमलदेव निवासी दवसाई को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, चरस और स्कूटर को भी कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। उधर, एएसपी शिव कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर ले लिया है। मामले की छानबीन जारी है।