विकास खंड की ग्राम पंचायत नौंहगी के गांव चोबू में एक सैनिक का आकस्मिक निधन हो गया है। जसवंत कुमार पुत्र नरोतम सिंह निवासी चोबू जेके राइफल में पठानकोट में तैनात था। शुक्रवार शाम करीब सात बजे जसवंत सिंह छुट्टी लेकर घर पहुंचा। अपने भाई के सगाई समारोह में शामिल होने के लिए जसवंत 30 दिन की छुट्टी लेकर घर पहुंचा था। शनिवार को दिनभर जसवंत दैनिक कार्यों में व्यस्त रहा। शाम के समय जसवंत खेतों में काम करने चला गया।
देर शाम तक जसवंत घर नहीं लौटा तो उसके भाई ने जसवंत सिंह की तलाश शुरू की। इस दौरान जसवंत घर के साथ लगते खेतों में बेसुध पड़ा मिला। उसका भाई उसे गाड़ी में बिठाकर क्षेत्रीय अस्पताल ले गया। जहां चिकित्सकों ने जसवंत सिंह को मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। उधर, थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।