पुलिस थाना नादौन के अंतर्गत बेला गांव में सात वर्षीय प्रवासी बच्चे का शव भूमिगत वाटर टैंक में मिला है। प्रवासी बच्चा गांव के स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था और मंगलवार सुबह घर से स्कूल के लिए गया था, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा।
बुधवार को उसका शव गांव के ही एक भूमिगत वाटर टैंक में बरामद हुआ। मृतक के पिता ने अपने साथी दो प्रवासी मजदूरों पर बेटे की हत्या का अंदेशा जताया है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की है। मृतक के पिता उदय सिंह निवासी बिलाई खुर्द जिला सीतामड़ी, बिहार ने कहा कि वह नादौन कस्बे में मार्बल की ठेकेदारी करता है।
उसका बेटा राहुल मंगलवार सुबह स्कूल गया, लेकिन शाम को घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश भी की, लेकिन सुराग नहीं लगा। बुधवार को उदय बेटे की तलाश में उस मकान में गया जहां वह दो साल पहले किराये पर रहता था। वर्तमान में इस मकान में उसके दो साथी प्रवासी मजदूर रह रहे थे।
दोनों का पेमेंट को लेकर उसके साथ विवाद चल रहा था। जैसे ही उदय सिंह घर के पास पहुंचा तो उसे वहां राहुल का स्कूल बैग और चप्पल मिली। साथ ही भूमिगत जल भंडारण टैंक था। उसने टैंक में देखा तो उसे इसमें कुछ गिरा नजर आया। शोर मचाने पर वहां स्थानीय लोग एकत्रित हुए।
लोगों की मदद से टैंक का पानी निकाला तो राहुल का शव बरामद हुआ। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के पिता उदय सिंह ने दो साथी मजदूरों जगरनाथ और सरमा चौधरी पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया। आरोपों पर पुलिस ने दोनों से पूछताछ की।
डीएसपी लालमन शर्मा का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के पिता के आरोप पर दो प्रवासियों से पूछताछ की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।