पुलिस थाना सदर के अंतर्गत लंबलू में एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर इहलीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक बेसरी राम (56) पुत्र बसंत राम निवासी जुकेल डाकघर नवाई तहसील सरकाघाट जिला मंडी आईटीआई लंबलू में लैब अटेंडेंट के पद पर कार्यरत था। बेसरी राम अपने बेटे अजीत सिंह के साथ लंबलू में सुशील कुमार के घर में किराये पर रहता था। अजीत कुमार आईटीआई लंबलू में प्रशिक्षण ले रहा है। आइटीआई से छुट्टी के बाद अजीत कुमार घर चला गया, जबकि बेसरी राम किराये के कमरे में ही रहा। सोमवार सुबह करीब आठ बजे अजीत कुमार लंबलू में स्थित अपने किराये के कमरे में पहुंचा तो देखा कि कमरे के बाहर गैलरी में उसके पिता बेसरी राम ने छत पर लगे कुंडे से फंदा लगा लिया है। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। उधर, थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रत्न का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।