वन विभाग हमीरपुर ने उपमंडल बड़सर के हडेटा में तैनात फॉरेस्ट गार्ड को लापरवाही बरतने पर सस्पेंड कर दिया है।
फॉरेस्ट गार्ड पर आरोप है कि उसने ग्रामीण की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। शिकायतकर्ता राजेश कुमार ने फॉरेस्ट कंजरवेटर हमीरपुर को लिखित में सौंपी शिकायत पत्र में कहा है कि हडेटा बीट में कार्यरत वनरक्षक से जंगल में अवैध कटान की शिकायत की थी।
शिकायतकर्ता ने कहा कि वन बीट में एक व्यक्ति ने खैर और चीड़ के करीब तीन दर्जन पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई। इस मामले की सूचना उन्होंने वनरक्षक को दी लेकिन इसके बावजूद वनरक्षक ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद शिकायतकर्ता ने फॉरेस्ट कंजरवेटर को लिखित में शिकायत सौंपी। शिकायत मिलने के बाद फॉरेस्ट कंजरवेटर ने डीएफओ हमीरपुर को मामले की जांच का जिम्मा सौंपा।
वन मंडल अधिकारी की जांच में उक्त वनरक्षक को दोषी पाया गया। इसके बाद वन मंडल अधिकारी ने जांच रिपोर्ट को फॉरेस्ट कंज़रवेटर को सौंपा। मंगलवार को फॉरेस्ट कंजरवेटर ने जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए वनरक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। डीएफओ आरसी गोमा ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर फॉरेस्ट गार्ड के सस्पेंड कर दिया है।