थाना क्षेत्र नदौन के तहत कोटला चिल्लियां पंचायत से लापता छात्र तीन दिन बाद मिल गया। छात्र घर देरी से पहुंचने के डर से पड़ोसी की पशुशाला में छिप गया। परिजनों की डांट से घबराकर छात्र तीन दिनों तक पशुशाला में ही छिपा रहा।
तीसरे दिन पड़ोसी की नजर पशुशाला में सोये छात्र पर पड़ी। उसने परिजनों को इसकी सूचना दी। चिल्लियां पंचायत के तहत दसवीं कक्षा के इस छात्र को शनिवार को स्कूल से घर पहुंचने में देरी हो गई।
देरी से घर पहुंचने पर माता-पिता की डांट के डर से युवक पड़ोसी की पशुशाला में छिप गया। तीन दिनों तक भूखा-प्यासा पशुशाला में ही छिपा रहा। परिजनों ने बेटे के लापता होने की शिकायत पुलिस में करवाई।
रिश्तेदारों के पास भी किशोर को ढूंढा गया। मंगलवार को पड़ोसी किसी काम से पशुशाला में गई तो अभिषेक इमारती लकड़ी के बीच सोया हुआ था। इस पर परिजनों को बुलाकर छात्र को घर पहुंचाया गया।
थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि भविष्य में छात्र इस तरह का कार्य न करने की हिदायत देकर परिजनों के हवाले कर दिया।