पुलिस थाना बड़सर के अंतर्गत बिझड़ी ब्लॉक के दो सरकारी स्कूलों से चोर गैस सिलेंडर और स्टोव ले उड़े हैं। स्कूल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार रात राप्रापा समताना खुर्द में चोरों ने सेंधमारी की।
चोर स्कूल से दो गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए हैं। सोमवार सुबह जलवाहक स्कूल पहुंचा तो रसोईघर के ताले टूटे मिले। इसकी सूचना उसने स्कूल प्रबंधन को दी। इसके चलते स्कूल प्रबंधन ने बिझड़ी पुलिस चौकी में इसकी शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार रात राजकीय प्राथमिक पाठशाला अप्पर कन्नड़ में भी चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। रसोई घर का ताला तोड़ शातिर अंदर से गैस सिलेंडर, एक स्टोव और एक वाटर फिल्टर उड़ा ले गए। सोमवार सुबह स्कूल प्रबंधन को इसकी भनक लगी तो उन्होंने पुलिस चौकी भोटा में इसकी शिकायत दर्ज की।
एसपी अजय सिंह बौद्ध का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही चोरों का सुराग लगा लिया जाएगा।