हमीरपुर। जिला मुख्यालय के समीप शासन में सड़क के किनारे खड़े पानी के टैंकर से टकराकर एक स्कूटी सवार की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। सोमवार को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। मृतक की पहचान चमन लाल (43) निवासी गांव बधियाणा, डाकघर अमरोह, तहसील व जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। चमन लाल हमीरपुर में प्राइवेट बस का चालक था। रविवार शाम को अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद हमीरपुर बस स्टैंड से स्कूटी में सवार होकर अपने घर बधियाणा जा रहा था। इस दौरान शासन के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने इस संदर्भ में भादसं की धारा 279, 337 के तहत थाना हमीरपुर में केस दर्ज किया है। सुरेंद्र शर्मा पुत्र जगदीश चंद गांव शासन डाकघर झनयारी तहसील व जिला हमीरपुर के बयान पर यह मुकदमा दर्ज हुआ है। उन्होंने बताया कि रविवार को रात करीब 8.15 बजे वह घर पर खाना खा रहा था तो बाहर किसी गाड़ी के टकराने की आवाज सुनाई दी। यह बाहर आया तो देखा कि एक स्कूटी सड़क के किनारे खड़े ट्रैक्टर पानी की ट्रॉली से टकराई। पानी के टैंकर से टकराने से स्कूटी चालक बीच में ही फंस गया। स्कूटी चालक को इलाज के लिए हमीरपुर अस्पताल ले जाया गया। जहां स्कूटी चालक चमन लाल की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर रमन कुमार मीणा ने बताया कि यह हादसा स्कूटी चालक की तेज रफ्तारी व लापरवाही से कारण हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।