हमीरपुर। पुलिस थाना नादौन के तहत एक कार चालक ने सड़क से गुजर रहे भेड़ पालक पर गाड़ी चढ़ा दी। जिससे भेड़ पालक घायल हो गया। घायल का स्थानीय अस्पताल में उपचार करवाया जा रहा है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ थाना नादौन में मुकदमा दर्ज कर लिया है। ओम प्रकाश पुत्र सुखदेव ग्राम व डाकघर घरेड़ तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा ने पुलिस को बताया कि वह भेड़ पालक है। आजकल वह अपने साथियों के साथ भेड़ बकरियां चराते हुए पंजाब की ओर जा रहे हैं। मंगलवार सायं करीब 3.30 बजे वह अपनी भेड़-बकरियां लेकर बसारल से ऊना की ओर जा रहे थे। जब वह बस स्टैंड धनेटा के पास पहुंचे तो ग्वालपत्थर की ओर से एक कार तेज रफ्तारी से आई और कार का अगला टायर उसके दाहिने पैर पर चढ़ा कर टक्कर मार दी। मदद करने के बजाय कार चालक मनसाई की तरफ भाग गया। पुलिस जांच में पाया गया है कि कार चालक का नाम रोहित पुत्र रमेश चंद गांव टिक्कर है। पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।