भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज की ग्राम पंचायत अमरोह में पानी के टैंक के पास भारत संचार निगम लिमिटेड के जेटीओ का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। सड़क किनारे पड़ी लाश को जब राहगीरों ने देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है।
विजय कुमार (45) पुत्र कश्मीर सिंह निवासी अमरोह का शव लोगों ने बुधवार सुबह टैंक के पास सड़क किनारे पड़ा देखा। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस थाना भोरंज में दी। विजय भारत संचार निगम लिमिटेड का कर्मचारी था और बतौर जेटीओ बिलासपुर जिले में कार्यरत था। विजय कुमार अपने पीछे पत्नी, बेटी और बेटे को छोड़ गया है। उधर, भोरंज थाना प्रभारी कुलवंत ने कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया है। प्रथम दृष्टि में व्यक्ति की गिरने और ठंड के कारण मौत होने का अंदेशा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।