नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन की एक पंचायत की युवती को बाइक सवार दो शातिर युवक लिफ्ट देने के बहाने जंगल की ओर ले गए। युवती के कहने पर भी जब युवकों ने बाइक को नहीं रोका तो युवती ने चलती बाइक से छलांग लगा दी। इस कारण युवती के मुंह और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं। छलांग लगाने के बाद युवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर लोग एकत्रित हो गए। वहीं शातिर मौके से भाग गए। युवकों की पहचान होने पर सोमवार को उन्हें पुलिस थाने में पेश किया गया। जहां पर युवकों ने माफी मांगी। पीड़ित परिवार काफी गरीब है। वहीं, युवती के परिजनों और युवती ने मामला दर्ज करवाने से इनकार किया। इस कारण पुलिस में मामला दर्ज नहीं हो पाया।
घटना शनिवार शाम की है। जब एक युवती नादौन से अपने घर जा रही तो रास्ते में खड़े सांड को देखकर वह घबरा गई। सांडों के डर से घबराकर युवती पीछे ही खड़ी हो गई। इस दौरान उसी सड़क पर दो युवक बाइक पर सवार होकर आए। युवती ने युवकों से उसे सांड के झुंड को पार करवाने की बात कही। इतने में युवक ने कहा कि वह आगे की ओर ही जा रहे हैं, साथ में चल पड़ो, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद शातिर युवकों ने बाइक मुख्य सड़क से जंगल की ओर घूमा ली। यह देख युवती ने उन्हें बाइक रोकने को कहा लेकिन, शातिरों ने बाइक नहीं रोकी। युवती ने चलती बाइक से ही छलांग लगा दी और चिल्लाने लगी। इस कारण उसके शरीर पर चोटें आई हैं। वहीं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवती का उपचार करवाया। वहीं पुलिस के ध्यान में जब मामला आया तो उक्त युवकों की पहचान कर उन्हें थाने लाया गया। जहां युवकों ने लड़की और उसके परिजनों से माफी मांगी। लड़की और लड़की के परिजनों ने मामला दर्ज करवाने से इनकार कर दिया। एसएचओ महेंद्र परमार का कहना है कि युवकों की पहचान कर उन्हें थाने लाया गया था। युवकों ने लड़की और उसके परिजनों से माफी मांगी है। परिजनों और युवती ने मामला दर्ज करवाने से मना किया है। पुलिस अपने स्तर पर ही छानबीन कर रही है।