सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर की ब्यास नदी में नहाते समय डूबे युवक का शव पांच दिन बाद शनिवार को बरामद कर लिया गया। मृतक युवक के पिता लोनिवि में सेवारत हैं, जबकि माता पंचायत में वार्ड सदस्य हैं। रजनीश कुमार पुत्र रूप लाल निवासी पटनौण, तहसील टौणी देवी बीते मंगलवार को सुजानपुर में दोस्तों संग ब्यास नदी में नहाने गया था। लेकिन, वह नदी के तेज बहाव के साथ बह गया। शनिवार सुबह लोगों ने नदी में शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने शव को अपने कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। रजनीश कुमार एक दो हफ्ता पहले ही सुजानपुर में भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए ट्रेनिंग देने वाली एक निजी अकादमी में आया था। लेकिन बीते मंगलवार को वह अपने 8 अन्य दोस्तों के साथ ब्यास नदी में नहाने चला गया और पानी में डूब गया। प्रशासन ने युवक को तलाश करने के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाई थी। जो बीते बुधवार से ही सर्च अभियान में जुटी थी। उधर, तहसीलदार सुजानपुर अशोक पठानिया ने बताया कि मृतक युवक के परिजनों को 20 हजार रुपये की राहत राशि दी गई है।