नादौन(हमीरपुर)। उपमंडल के तहत नादौन-अंब राष्ट्रीय राजमार्ग से दो किलोमीटर दूर मानपुल गांव में एक करियाना की दुकान में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। आग से दुकानदार का करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। मानपुल बस स्टॉप पर बस का इंतजार कर रहे लोगों ने आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह के समय जब वह मानपुल बस स्टाप पर खड़े थे तो उन्होंने एक दुकान से धुआं उठते देखा। उन्होंने अन्य स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी। लोगों ने दुकान के ताले तोड़ कर आग बुझाई। यह दुकान पंकज मेहता पुत्र विनोद कुमार निवासी गांव कुरियाल खेड़ा की है। लोगों ने बताया कि रात को यहां लाइट नहीं थी जो कि सुबह छह बजे आई थी। पंकज कुमार ने बताया कि इस घटना में उसे करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि दुकान के अंदर रखे खाद्य पदार्थ सहित अन्य सामान जला है। एसडीएम नादौन डीआर धीमान ने बताया कि हल्का पटवारी को निर्देश दिए गए हैं कि वह नुकसान का जायजा लेकर शीघ्र इसकी रिपोर्ट दें। वहीं विद्युत विभाग के एसडीओ अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।