जाहू (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। राज कुमारी पत्नी हेमराज गांव ककड़ गलोह डाकघर चंदरुही तहसील भोरंज जिला हमीरपुर ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उनकी पिछले कई सालों से सास और देवरानी के साथ किसी बात को लेकर अनबन चली हुई है। जिस कारण ये दोनों महिलाएं हर समय गाली गलौज करती रहती हैं। पीड़ित ने कहा कि 28 अगस्त को शाम करीब 4:30 बजे में वह अपने रिहायशी मकान के बाहर अपना काम कर रही थीं तो उस समय उसकी सास व देवरानी आई और मारपीट शुरू कर दी। जब उसने शोर मचाया तो यह दोनों अपने घर चली गईं। राजकुमारी ने बताया कि इस लड़ाई झगड़े के दौरान उसे दोनों बाजुओं और शरीर के अन्य भागों पर भी चोटें लगी हैं। राजकुमारी ने पुलिस शिकायत में कहा कि मेरा मेडिकल करवाकर सास व देवरानी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उधर, इस बारे में भोरंज थाना प्रभारी राजीव लखनपाल का कहना है कि मारपीट का मामला दर्ज कर मेडिकल जांच करवाई गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।