हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत पड़ती ग्राम पंचायत मसियाण के गांव उलेड़ा में एक नाबालिग युवक की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्जकर शव का पोस्टमार्टम करवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा।
विशाल (16) पुत्र तिलक राज निवासी गांव उलेड़ा पंचायत मसियाण दसवीं की बोर्ड परीक्षा में फेल हो गया था। शुक्रवार सुबह अपने घर से दूध लाने के लिए निकला था। जब काफी देर बाद जब वह घर वापस नहीं आया तो उसका भाई उसे ढूंढने गया। भाई को जब वह मिला तो उसने भाई से कहा कि उसके पेट में दर्ज हुआ है। इस पर भाई ने उसका नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चेकअप करवाया। जहां से युवक को हमीरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हमीरपुर में नाबालिग की मौत हो गई। वहीं पुलिस ने भी मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। युवक गरीब घर से संबंधित है और पिता दिहाड़ी मजदूरी का काम करते हैं।
इस संबंध में एसएचओ सदर थाना डॉ. आकृति शर्मा का कहना है कि अस्पताल से सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकता है। चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टि से जहर से मौत होने की आशंका जताई है।