हमीरपुर। थाना क्षेत्र हमीरपुर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत अणु कलां के वार्ड-दो में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
रिशभ कुमार पुत्र संजय कुमार निवासी गांव व डाकघर ज्वालामुखी जिला कांगड़ा ने सोमवार रात करीब 11 बजे फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। रिशभ अणु के वार्ड-2 में किराये के कमरे में रहता था। वह पेशे से डांस इंस्ट्रक्टर था। सोमवार रात को पहले उसने अपने बाजू की नस काटी फिर चुनरी का फंदा बनाकर उससे लटक गया। रिशभ के साथ कमरे में रहने वाला दूसरा युवक किसी काम से चंडीगढ़ गया हुआ था। वहीं मकान मालिक ने जब रात को रिशभ के कमरे की खिड़की से देखा तो वह फंदे से झूल रहा था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंगलवार का उसका पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
उधर, पुलिस थाना हमीरपुर से जांच अधिकारी शिव कुमार का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या के कारणों को पता नहीं लग पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।