हमीरपुर। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत पड़ते पन्याला गांव की एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली है। महिला के जहर निगलने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कल्पना देवी (35) पत्नी तिलक राज निवासी गांव पन्याला जिला हमीरपुर शनिवार दोपहर बाद घर से हमीरपुर बाजार आई थी। जहां पर उसने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। लोगों ने महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया। यहां उसकी मौत हो गई है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। एसएचओ सदर संजीव गौतम का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।