हमीरपुर। बड़सर में एक तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रही महिला को टक्कर मार दी। इस कारण महिला घायल हो गई। महिला ने बड़सर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कृष्ण चंद पुत्र लटुरिया राम गांव व डाकघर बड़सर तहसील जिला हमीरपुर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह अजय कुमार की दुकान के बाहर बैठा था तो ऊना की तरफ से एक कार तेज रफ्तारी से आई और दुकान से थोड़ा आगे अपनी साइड पैदल जा रही ब्यासां देवी पत्नी धर्म चंद गांव व डाकघर बड़सर को टक्कर मार दी। यह हादसा कार चालक देवराज पुत्र रघुवीर सिंह निवासी सेक्टर-52 चंडीगढ़ की लापरवाही के कारण हुआ है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्जकर कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी बड़सर जगदीश चंद का कहना है कि पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर कार को जब्त कर लिया है। मामले की छानबीन जारी है।