हमीरपुर। पुलिस थाना नादौन के तहत पड़ते कांगू कस्बा में नशे में धुत चार युवकों ने आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता का पहले रास्ता रोका और उसके बाद मारपीट की। यह नहीं जब जेई ने इस मामले की पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो जाते-जाते आरोपी युवकों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। आईपीएच विभाग के जेई ने मेसेज के माध्यम से पुलिस थाना नादौन में इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई। मौके पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक वहां से फरार हो गए। पुलिस ने युवकों के खिलाफ मामला दर्जकर उनकी धर पकड़ तेजकर दी है।
रविवार शाम को आईपीएच विभाग का जेई राकेश कुमार खुंडियां से ड्यूटी के बाद अपने घर छराड़ा डाकघर कांगू थाना नादौन आ रहा था। इस दौरान कांगू के पास चार शराबी युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसे मारने की धमकी देने लगे। युवकों ने जेई के साथ हाथापाई भी शुरू कर दी। इस पर जेई ने मेसेज के माध्यम से पुलिस थाना नादौन में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस युवकों को पकड़ने के लिए घटनास्थल पर गई, लेकिन युवक वहां से फरार थे। थाना प्रभारी नादौन महेंद्र परमार का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर लिया है। फरार होने के कारण आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस मुस्तैद है।