हमीरपुर।
जिला मुख्यालय हमीरपुर में शनिवार को वन वे ट्रैफिक नियम तोड़ने पर मौके पर मौजूद एक ट्रैफिक कर्मी ने बाइक सवार की पिटाई कर दी। यातायात व्यवस्था संभाल रहे होमगार्ड जवान ने बाइक सवार के हेलमेट से उसके सिर पर भी वार किए हैं। इससे बाइक सवार लहूलुहान हो गया। इसको देखते हुए मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने बीच-बचाव करते हुए बाइक सवार को ट्रैफिक कर्मी से छुड़वाया। पीड़ित बाइक सवार की पहचान साहिल कुमार निवासी सुजानपुर के रूप में हुई है।
साहिल ने बताया कि वह चंडीगढ़ में पढ़ाई करता है। वह शनिवार को हमीरपुर आया था। सब्जी मंडी से गांधी चौक आते समय कोई नाका न होने के चलते उसे गांधी चौक पर वन वे की कोई जानकारी नहीं थी। इसके चलते वह चेकपोस्ट को क्रॉस कर गया। तभी पास की दुकान में खड़ा ट्रैफिक कर्मी दौड़ता हुआ आया और उसे रोक लिया। ट्रैफिक कर्मी ने बाइक सवार को बुरी तरह से पीटा और हेलमेट छीनकर प्रहार किए। इससे बाइक सवार के मुंह से खून निकलना शुरू हो गया। बाइक सवार ने कहा कि अगर गलती से वन-वे का उल्लंघन हुआ है तो उनका कानून चालान किया जाना चाहिए था। लेकिन ट्रैफिक कर्मी ने उन्हें बुरी तरह से पीटा है।
इस बारे में एएसपी राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस के पास पीड़ित पक्ष ने कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि दोनों का आपस में समझौता हो गया।