चलती बस में पर्स चोरी, 18 हजार उड़ाए
हमीरपुर। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत चलती बस में एक महिला का पर्स चोरी हो गया। इसमें अठारह हजार रुपये नकद और महिला का आधार कार्ड समेत अन्य सामान था। महिला ने इसके बारे में पुलिस चौकी हमीरपुर में शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित महिला की पहचान अनु शर्मा निवासी गांव बोहणी तहसील एवं जिला हमीरपुर के रूप में हुई। अनु शर्मा ने बताया कि वह शुक्रवार को अपने घर से एक निजी बस में सवार होकर हमीरपुर आ रही थी। उसके भांजे की कुछ दिनों के बाद शादी है। इसके चलते हमीरपुर बाजार में बच्चों की वर्दी समेत शादी के लिए कपड़े खरीदने थे लेकिन जब वह बस से उतरी तो उसका पर्स चोरी हो चुका था। उन्होंने बस में सवार अन्य लोगों से भी पूछा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। अनु शर्मा ने पुलिस विभाग से कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अगर किसी को उनका पर्स मिलता है तो वह उसे पुलिस थाना में जमा करवा दें।