नादौन अस्पताल में उपचाराधीन मधुमक्खी के हमले से घायल महिला।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल के तहत नादौन-हमीरपुर मार्ग पर स्थानीय पीएनबी बैंक के निकट झुग्गी बस्ती में रहने वाले राजस्थानी लोगों पर शुक्रवार दोपहर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। जिसमें तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। इनमें से एक महिला को नादौन अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। राजू नामक व्यक्ति ने बताया कि उसकी पत्नी लीला देवी कपड़े धोकर उन्हें सूखाने के लिए झाड़ियों पर डाल रही थीं कि अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। शोर सुनकर उसे बचाने के लिए आगे आए लीला के पति राजू तथा उसके भाई विनोद को भी मधुमक्खियों ने घायल कर दिया। जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां लीला देवी को दाखिल कर लिया गया है जबकि, दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। इस संबंध में डॉ. बीएस राणा ने बताया कि महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए इसे दाखिल किया गया है, जबकि बाकी दोनों युवकों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है।