बिना हेलमेट मोटर साइकिल पर जाते वाहन चालक से पूछताछ करती एसडीएम नादौन किरण बड़ाना।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन (हमीरपुर)। नादौन बस अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एसडीएम किरण बड़ाना ने अनावश्यक तौर पर घूम रहे लोगों पर अचानक सख्त कार्रवाई आरंभ कर दी। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे एसडीएम ने नादौन बस अड्डा पहुंचकर कर्फ्यू के दौरान खुली कुछ दुकानों को भी तुरंत बंद करवाया और उन्हें चेतावनी दी कि 10:00 बजे के बाद दुकान खोलने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उन्होंने अनावश्यक तौर पर घूम रहे कुछ लोगों की भी खूब क्लास लगाई तथा पुलिस को उनके विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बस अड्डे के निकट इंद्रपाल चौक पर स्वयं कमान संभालते हुए पुलिस के सहयोग से आने-जाने वाले वाहनों के चालकों पर भी सख्त कार्रवाई की। उन्होंने कई वाहन चालकों के वाहन वहीं पर पार्क करवा कर उनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम की सख्त कार्रवाई को देखकर कई लोग तो दबे पैर उनकी नजरों से बच कर इधर-उधर भाग गए। उन्होंने पुलिस को भी निर्देश दिए कि कर्फ्यू के दौरान अनावश्यक तौर पर घूमने वालों के विरुद्ध मामला दर्ज किया जाए। इसी दौरान उन्होंने बैंक कर्मियों को भी नियमों का पालन करने को कहा। एसडीएम किरण बड़ाना ने बताया कि कर्फ्यू के दौरान यदि कोई भी अनावश्यक तौर पर घूमता हुआ दिखाई दिया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।