बड़सर में आग की भेंट चढ़ी पशुशाला।
- फोटो : Hamirpur-HP
जाहू/हमीरपुर। दिवाली की रात पटाखे जलाने से जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में तीन गोशालाएं जलकर राख हो गईं। विधानसभा क्षेत्र भोरंज के तहत ग्राम पंचायत जाहू के कांगूघट्टी, हमीरपुर विस क्षेत्र के तहत लंबलू और बड़सर विधानसभा क्षेत्र में गोशालाएं जली हैं। भोरंज में करीब 50 हजार, हमीरपुर और बड़सर में 25-25 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है।
भोरंज के कांगूघट्टी गांव में दीपावली पर्व पर सोमवार रात एक स्टेलनुमा गोशाला जलकर राख हो गई। पशुपालक को 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। गोशाला के अंदर रखा घासफूस और इमारती लकड़ी जलकर राख हो गई है। कांगूघट्टी के मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि रात नौ बजे के करीब परिवार सहित दीपावली का त्योहार मना रहे थे। पटाखों और अतिशबाजी के कारण गोशाला में आग लग गई। जैसे ही आग की लपटें उठती देखीं तो गोशाला की ओर भागे और गाय का बाहर निकला। सूचना भोरंज अग्निशमन उप कार्यालय को दी गई और अग्निशमन विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पाया।
ग्राम पंचायत जाहू की प्रधान अनुराधा शर्मा का कहना है कि आग की घटना की सूचना मिलते ही हलका पटवारी को अवगत करवा दिया है। नुकसान की रिपोर्ट बनाने के लिए कहा गया है। वहीं दमकल विभाग हमीपुर के स्टेशन ऑफिसर राजेंद्र कुमार ने कहा कि दिवाली की रात तीन अलग-अलग जगहों पर तीन गोशालाएं जली हैं।