तकनीकी विवि में बीफार्मेसी की दूसरे चरण की काउंसलिंग पूरी
पांचों सरकारी कॉलेजों की सभी सीटें भरीं
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में सोमवार को बीफार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री) की दूसरे चरण की काउंसलिंग हुई। इसमें प्रदेश कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (एचपीसीईटी) की मेरिट के आधार पर सामान्य श्रेणी, ऑल इंडिया कोटा, इडब्ल्यूएस, बेटी है अनमोल योजना आदि श्रेणी के 80 अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की गईं। जिन अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की गईं, उन्हें छह अगस्त तक संबंधित कॉलेजों में रिपोर्ट करना होगा। बीफार्मेसी के दूसरे चरण की काउंसलिंग के अनुसार प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों की 280 सीटें भरी गईं, जबकि 19 निजी कॉलेजों में अभी कुछ सीटें खाली हैं। पांच अगस्त को जेईई मेन के आधार पर बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) की दूसरे चरण की काउंसलिंग शुरू होगी। पहले दिन ओबीसी व एससी मुख्य श्रेणी व उप श्रेणी के अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए बुलाया है। छह अगस्त को एसटी मुख्य श्रेणी व उप श्रेणी के अलावा इडब्ल्यूएस व सामान्य श्रेणी के उप श्रेणी, सात अगस्त को सामान्य श्रेणी, ऑल इंडिया कोटा व बेटी है अनमोल श्रेणी की काउंसलिंग होगी। वहीं, बीआर्क की पहले चरण की काउंसलिंग भी पांच अगस्त को प्रस्तावित है। बीआर्क की काउंसलिंग राजीव गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज नगरोटा बगवां (कांगड़ा जिला) में होगी।