हमीरपुर बस स्टैंड पर बसों की कमी के कारण परेशान होते यात्री।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। विधानसभा चुनाव के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें बुक होने से शुक्रवार को यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। एचआरटीसी ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पोलिंग टीमों को भेजने और वापस स्ट्रांग रूम तक लाने के लिए बसों को भेजा है। यह सरकारी बसें शुक्रवार को अपने-अपने स्थानों पर पहुंच गई हैं। विधानसभा क्षेत्र नादौन के लिए 18, बड़सर के लिए 18, सुजानपुर के लिए 15, हमीरपुर के 13 व भोरंज के लिए 16 बसें भेजी गई हैं। कुल 80 बसें भेजी
गई हैं।
यह बसें कर्मचारियों व अधिकारियों को पोलिंग बूथ पर पहुुंचाने के लिए बुक की गई हैं, ताकि समय पर सभी को पोलिंग बूथों पर पहुंचाया जा सके। 80 बसों के एक साथ बुक होने के कारण कई ग्रामीण रूट बंद रहे। लोगों को जिला मुख्यालय व अन्य स्थानों पर पहुंचने में परेशानी झेलनी पड़ी। अधिकतर लोगों को निजी बसों में सफर करना पड़ा। महिलाओं को निजी बसों में 50 फीसदी किराया छूट का लाभ नहीं मिल पाया। वहीं, कुछेक लोग निजी टैक्सियां बुक कर अपने गंतव्य तक पहुंचे। जिस कारण शुक्रवार को हमीरपुर बस स्टैंड पर बसों को लेकर काफी मारामारी रही।
इस बारे में एचआरटीसी के डीडीएम विवेक लखनपाल ने कहा कि चुनाव ड्यूटी के लिए निगम की बसें भेजी गई हैं।---