स्वास्थ्य विभाग हमीरपुर की बैठक में मौजूद अधिकारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जगोता ने कहा कि हमीरपुर में कोविड-19 वैक्सीन के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सरकार से निर्देश मिलते ही पोर्टल पर डाटा अपलोड कर दिया जाएगा। पहले 5100 स्वास्थ्य संबंधित फ्रंट लाइन स्टाफ और संस्थान भी चिन्हित कर लिए गए हैं। जिला जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी सतीश शुक्ला ने जिला में कोविड-19 से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। वे शनिवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग हमीरपुर की मासिक समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. दिनेश महाजन मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. दिनेश महाजन ने सीएमओ और उनकी टीम को क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम आने व सभी मानकों में बेहतर करने के लिए बधाई दी। सीएमओ डॉ. अर्चना सोनी ने कहा कि जिले में हर रोज लोगों को उनके घर के नजदीक कोविड सैंपल करवाने के लिए विशेष बूथ शुरू किये गए हैं। जहां लोग खुद जाकर कोरोना के लिए सैंपल करवा सकते हैं। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक, बिजली बोर्ड रेस्ट हाउस हीरानगर में 11 से 2 बजे तक, सिविल अस्पताल नादौन में दोपहर 2 से 3:30 तक, सिविल अस्पताल टोणी देवी, बड़सर और भोरंज में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक, सिविल अस्पताल सुजानपुर में 11:30 से 1 बजे तक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गलोड़ में 9:30 से 10:30 बजे तक और दोपहर 2 से 3 बजे तक लोग अपने कोविड-19 के लिए सैंपल करवा सकते हैं। डॉ. सोनी ने बताया की इसके अतिरिक्त होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना मरीजों के हर रोज फोलोअप के लिए आशा, स्वास्थ्य कार्यकर्ता की टीम रोजाना दो समय फोन पर संपर्क कर मरीजों की समस्याओं और शंकाओं का निवारण कर रहे हैं। हिम सुरक्षा अभियान में जिला में 2 लाख 35 हजार से अधिक आबादी की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।