अंब (ऊना)। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों को देखते हुए नगर पंचायत अंब ने शहर के लोगों से सहयोग मांगा है। नगर पंचायत की अध्यक्ष इंदू धीमान ने कहा कि लोगों को चोरी के मामलों को देखते हुए जागरूक रहना होगा और हर तरह की सूचना पुलिस को देनी चाहिए। उन्होंने लोगों को मुस्तैद रहने और अपने घरों, दुकानों और अन्य व्यवसायिक परिसरों में हो सके तो आधुनिक उपकरण सीसीटीवी कैमरा इत्यादि लगाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में भवन मालिक किरायेदार रखने से पहले पुलिस से सत्यापन करवाएं, अजनबी व्यक्तियों और संदिग्ध अवस्था में घूमने वाले लोगों के बारे में अपने वार्ड पार्षद या पुलिस को तुरंत सूचित करें। यदि लंबे समय के लिए घर से बाहर जा रहे हों तो पुलिस को सूचित करें। कीमती जेवरातों और अन्य सामान इत्यादि को बैंक लॉकर में रखें और घर के ताले और लॉकर आदि की चाबी हमेशा अपने साथ रखें। किसी भी व्यक्ति को काम पर रखने से पहले पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं। किसी भी चोरी या सेंधमारी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। संवाद