हमीरपुर। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हेमराज बैरवा ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे 27 अक्तूबर से आरंभ हो रहे मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान सहयोग करें।
इन सूचियों को त्रुटिरहित बनाया जाएगा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 के संदर्भ में वीरवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 27 अक्तूबर को जिला हमीरपुर के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 36-भोरंज, 37- सुजानपुर, 38-हमीरपुर, 39-बड़सर तथा 40-नादौन में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारूप में प्रकाशन करके इन्हें सभी मतदान केंद्रों, संबंधित एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के कार्यालयों में उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
बैठक में कांग्रेस पार्टी की ओर से अजय शर्मा, भाजपा के होशियार सिंह और बसपा के प्रतिनिधि के रूप में रत्न चंद के अलावा निर्वाचन विभाग के तहसीलदार उपेंद्र नाथ शुक्ला, नायब तहसीलदार दीपक महाजन और राजेश कौंडल तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।