नादौन (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन के वार्ड तीन में राशन डिपो से पेट्रोल पंप तक जाने वाली संपर्क सड़क के किनारे निकासी नालियां न होने से बारिश के दौरान यह तालाब में तबदील हो रही है। इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों मुकेश, जतिन, प्रवीण, सुरेश, रामलाल, विक्रांत आदि ने कहा कि संपर्क सड़क के किनारे निकासी नालियां न होने से रास्ते में पानी जमा हो रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क के किनारे निजी, सरकारी स्कूल और राशन डिपो स्थित है। इससे संपर्क सड़क से होकर प्रतिदिन सैकड़ों लोग गुजरते हैं। इसके साथ लेबर चौक से पत्तन बाजार तक जाने वाली संपर्क सड़क एक माह से निर्माण कार्य के कारण बंद है। इसी कारण अधिकांश लोग आवाजाही के लिए राशन डिपो से पेट्रोल पंप की ओर जाने वाली इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने नगर पंचायत से समस्या का समाधान करने की मांग की है। इस बारे में नगर पंचायत नादौन के अध्यक्ष तरुण कपिल ने कहा कि समस्या ध्यान में है। शीघ्र ही संपर्क सड़क का मरम्मत कार्य करवा लिया जाएगा।