हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार की ओर से शुरू की गई अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना हिमकेयर को कांग्रेस की सुक्खू सरकार बंद करने की दिशा में कार्य कर रही हैं। सरकार के इस निर्णय का भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने निंदा की है। हमीरपुर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में लगभग 32 लाख कार्ड बने हैं और लगभग 7 लाख 75 हजार लाभार्थी हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार के दौरान जब भी इस योजना को शुरू किया गया था, उस समय से इस योजना पर कुल 988 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब से सरकार सत्ता में आई है, तब से लेकर आज तक 364 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया गया है। इसके कारण हिमाचल प्रदेश के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।