भोरंज में कांग्रेसी कार्यकर्ता चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंकते हुए।
- फोटो : Hamirpur-HP
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के कांग्रेेसी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को चीनी राष्ट्रपति का पुतला फूंककर विरोध जताया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने शहीद अंकुश ठाकुर को श्रद्धांजलि दी और चीनी सामान के बहिष्कार की शपथ ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक सुरेश कुमार की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भरेड़ी चौक पर चीनी राष्ट्रपति का पुतला फूंका और चीन के विरुद्ध नारेबाजी की। सुरेश कुमार ने कहा कि अंकुश ठाकुर की शहादत हमारे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है और उनकी शहादत को पूरा देश याद रखेगा। उन्होंने कहा की चीनी सामान को उपयोग में नहीं लाएंगे और चीन का विरोध करेंगे। सुरेश कुमार ने कहा के कांग्रेस अंकुश ठाकुर के सम्मान में उनकी मूर्ति की स्थापना करेगी। इस अवसर पर रामचंद पठानिया, ब्लॉक अध्यक्ष विजय वन्याल, जिला महासचिव किशोरी लाल शर्मा, दीपचंद, राजीव राणा, राजकुमार, रोशन लाल, अतुल कडोहता अंकुश सैनी, राकेश गोल्डी, कैप्टन अमीं चंद, सूबेदार रोशन लाल, सूबेदार ईश्वरदास, चैन सिंह ठाकुर, खूब सिंह, डॉ. वेद शर्मा, रतन चंद, चिरंजीलाल, राजेंद्र शर्मा आदि कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।