हमीरपुर बाजार में अपने गंतव्य की ओर जाते लोग। संवाद
हमीरपुर। जिला हमीरपुर में वीरवार को भी ओलावृष्टि के साथ बारिश होती रही। तीन बजे के बाद बारिश बंद हो गई। बारिश और ठंडी हवाओं के साथ जिले में शीतलहर जारी है। बाजार में भी रौनक कम रही। कई जगहों पर लोग ठंड से बचने के लिए अलाव सेंकते नजर आए। कामकाजी लोग भी छाते लेकर बाजार में निकले।
अधिकतर लोग ठंड के मारे घरों में ही दुबके रहे। यह बारिश गेहूं की फसल के लिए संजीवनी मानी जा रही है। दुकानदार दुकानों में ही आग जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आए। लोगों सुरेश, विजय, अंकिता, यामिनी, नारायण आदि ने कहा कि ठंड बढ़ रही है लेकिन शुष्क ठंड से राहत मिलेगी व धुंध व कोहरे से भी आराम मिलेगा। कृषि विशेषज्ञों की मानें तो ओलावृष्टि भी गेहूं की फसल के लिए शुरुआती दिनों में नुकसानदायक नहीं है। लंबे समय से बारिश नहीं हो रही थी। कृषि विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक डाॅ. सुरेश धीमान का कहना है कि ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को शुरुआती दिनों में कोई नुकसान नहीं होता है। लंबे समय से बारिश नहीं हुई थी। ऐसे में यह बारिश सभी तरह की फसलों के लिए लाभकारी है।