प्रत्येक वर्ष जंगलों में चीड़ की पत्तियों से लगती थी आग
इस वर्ष आग पर काबू पाने के लिए ग्रामीणों ने शुरू किया सफाई अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर के अंतर्गत चकमोह में वीरवार को पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने सफाई अभियान चलाया। वनों को आग से बचाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों ने चीड़ की पत्तियों को एकत्रित किया और जंगलों में आग से बचाव के लिए ग्रामीणों को जागरूक होने के लिए प्रेरित किया। अभियान में बुजुर्गों से लेकर बच्चों ने भी अहम भूमिका निभाई। सड़कों से लेकर जंगलों के बीच लोगों ने चीड़ की पत्तियों को साफ किया ताकि आग लगने का खतरा कम हो। बीते 36 घंटे से चकमोह के अंतर्गत जंगल में आग लगी हुई थी। इसे काबू करने में स्थानीय लोगों के साथ वन विभाग के कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बाकी जंगल को आग से बचाने के लिए पंचायत ने यह अभियान शुरू किया। प्रत्येक वर्ष चकमोह जंगल में आग लगने के कारण लाखों का नुकसान होता था। ऐसे में इस वर्ष पंचायत प्रतिनिधियों ने जागरूक होकर सफाई अभियान शुरू किया है ताकि जंगलों को आग से बचाया जा सके। पंचायत प्रधान किरण देवी ने कहा कि पंचायत के लोगों ने जंगलों को बचाने के लिए अभियान शुरू किया है। चीड़ की पत्तियों को एकत्रित किया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा जंगलों को आग से बचाया जा सके। इस मौके पर उप प्रधान हरिकृष्ण शर्मा, पंचायत सदस्य मीनू शर्मा, रेनू शर्मा रामानंद राकेश सहित वन कर्मचारी मौजूद रहे।