हमीरपुर। जिला मुख्यालय के साथ लगते राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला हमीरपुर में 6.50 लाख रुपये की लागत से एक अतिरिक्त कमरा बनकर तैयार हो गया है। इससे आगामी शैक्षणिक सत्र 2023-24 में विद्यार्थियों को स्कूल में नए कक्षा कक्ष की सुविधा मिलेगी। पूर्व में स्कूल में चार ही कमरे थे। इसमें पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को बैठाया जा रहा था और प्री-प्राइमरी कक्षा के विद्यार्थी बरामदे में बैठकर ही पढ़ाई कर रहे थे। चार कमरों में पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को एक साथ पढ़ाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
वहीं कक्षा-कक्ष में एक साथ दो कक्षाएं बैठाने से विद्यार्थियोंं की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी। लेकिन अब नए कक्षा कक्ष के बनने से विद्यार्थियों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था होगी। प्रारंभिक शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल में विद्यार्थियों को उचित कक्षा कक्ष बनवाने के लिए आठ माह पूर्व स्कूल भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। इसके तहत स्कूल में भवन निर्माण कार्य करवाया गया है। उधर, स्कूल सीएचटी निर्मला शर्मा का कहना है कि स्कूल में एक अतिरिक्त कमरे का निर्माण करवाया गया है। इसमें आगामी सत्र में विद्यार्थियों की कक्षाएं चलाई जाएंगी। इस संदर्भ में खंड शिक्षा अधिकारी मदन लाल का कहना है कि स्कूल को एसएसए के तहत एक कमरे के निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। इसके तहत स्कूल में अतिरिक्त कक्षा कक्ष का निर्माण कार्य करवाया गया है।