रविवार को कला मंच पर रखा था कमेटी का आम जलास
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। बाबा स्वरूप गिर मंदिर कमेटी का आम इजलास रविवार को सुजानपुर चौगान में स्थापित कला मंच पर आयोजित किया गया। कमेटी की ओर से इजलास दोपहर 12 बजे निर्धारित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी कमेटी सदस्य समय पर पहुंच गए थे लेकिन शहरवासी आयोजन स्थल पर नहीं पहुंचे। दो घंटे तक कमेटी सदस्यों ने लोगों का इंतजार किया लेकिन मात्र एक दो लोगों को छोड़कर शहर का कोई भी वर्ग इसमें शामिल होने के लिए नहीं आया। इसके चलते कमेटी सदस्यों ने कड़ी नाराजगी जताई।
बाबा स्वरूप गिर मंदिर कमेटी के प्रधान राजकुमार शर्मा, सचिव संजय ठाकुर ने कहा कि बीते सप्ताह से लगातार विभिन्न माध्यमों से लोगों को इस आम इलास के बारे में सूचित किया गया था। इसके बावजूद शहर के लोग इसमें भाग लेने के लिए नहीं पहुंचे। मंदिर कमेटी के कार्य को लेकर यह इजलास रखा गया था। इसमें तमाम बातों से लोगों को अवगत करवाना था कि अब तक मंदिर कमेटी की ओर से क्या कार्य किए गए हैं। वार्षिक भंडारे में कितना खर्च आया है। भविष्य में कमेटी के पास कितना पैसा बचा है और भविष्य में कमेटी की ओर से विकास कार्य को लेकर क्या योजना है, इन तमाम बातों को लेकर बातचीत होनी थी। सबसे बड़ी बात यह है कि जन सहभागिता सहयोग पर लोगों के विचार भी लेने थे लेकिन रविवार को रखे इस आम इलास में शहर के लोग नहीं पहुंचे। अब यह फैसला लिया गया है कि कमेटी में जो सदस्य अब तक बने हैं उनके बीच ही बैठक करके आगामी फैसला लेंगे।