नादौन (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के तहत निरीक्षण के दौरान पुलिस ने एक युवक से 1.98 ग्राम चिट्टा पकड़ा है। मुख्य आरक्षी कुशल कुमार की अगुवाई में पुलिस की एक टीम बुधवार देर रात रैल आईटीआई के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने सामने से आ रहे बाइक सवार दो युवकों को निरीक्षण के लिए रोका और उन्हें बाइक के दस्तावेज दिखाने के लिए कहा। बाइक पर सवार एक युवक ने जब बाइक की सीट उठाई और दस्तावेज निकलने लगा तो वहां से एक पुड़िया नीचे आ गिरी। इसी दौरान उसका दूसरा साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। जब पुलिस ने पुड़िया की जांच की तो उसमें से 1.98 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी की पहचान तरुण कुमार निवासी गांव घरठूं के तौर पर हुई है। इस संबंध में थाना प्रभारी नादौन बाबूराम शर्मा ने कहा कि आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है तथा छानबीन जारी है।