गलोड़(हमीरपुर)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के ओएसडी गोपाल गौतम ने शुक्रवार को खास गलोड़ पंचायत में लोगों की जन समस्याएं सुनीं। इस मौके पर जिला प्रशासनिक अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। इस मौके पर पंचायत से लगभग 30 के करीब लोगों ने अपनी अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। अधिकांश समस्याओं को उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सौंपकर शीघ्र उनका निवारण करने के आदेश दिए। वहीं, कुछ समस्याओं को वह शिमला में मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर लोगों की समस्याओं का निपटारा करेंगे। खास गलोड़ पंचायत के प्रधान संजीव शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओएसडी ने उनकी पंचायत के लोगों की समस्याओं को समझा और अधिकारियों को उनका निपटारा करने के आदेश दिए।