हमीरपुर। भाजपा प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता और हमीरपुर उपचुनाव के मुख्य प्रभारी रणधीर शर्मा ने कहा कि उपचुनाव के प्रचार अभियान में कांग्रेस अनैतिक हथकंडे अपनाने पर उतारू हो गई है। कहीं पर भाजपा द्वारा लगाए गए झंडों को सरकारी अमला उतारने में लगा हुआ है, तो कहीं भाजपा प्रत्याशी के पोस्टरों के फाड़ कर कांग्रेस के लोग अपने प्रत्याशी के पोस्टरों को चिपका रहे हैं।
हमीरपुर में प्रेसवार्ता करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि चुनाव नैतिकता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से लड़े जाने चाहिएं, लेकिन कांग्रेस ने इस बार अनैतिकता की सारी हदें पार कर दी हैं। यहां तक कि सरकारी स्कूलों में भी कांग्रेस के चुनाव-प्रचार के कार्यक्रम हो रहे हैं और कर्मचारियों को तबादलों की धमकियां दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी की संभावित हार से मुख्यमंत्री घबरा चुके हैं। बताया जा रहा है कि दो दिनों तक मुख्यमंत्री हमीरपुर में डेरा डालने वाले हैं। यहां आकर मुख्यमंत्री जनता को फिर से ये कहकर गुमराह करेंगे कि क्योंकि वह हमीरपुर से हैं, इसलिए जनता कांग्रेस प्रत्याशी को वोट डाले। इसी तर्ज पर मुख्यमंत्री देहरा में जाकर कहते रहते हैं कि देहरा, मैं हूँ तेरा। उन्होंने कहा कि सीएम अपने नाम पर नहीं बल्कि काम पर वोट मांगें।