प्रदेश में विकास कार्य पड़े हैं ठप, झूठे आंकड़े पेश कर रहे सीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने प्रदेश सरकार पर जुबानी हमला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की ओर से हिमाचल में चुनावी गारंटियों को पूरा न कर पाने की वजह से देशभर में पार्टी की खिल्ली उड़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। विकास व जनकल्याण के मुद्दों पर झूठे आंकड़े पेश कर अपनी छवि बनाने का प्रयास कभी सफल नहीं होगा। यहां जारी बयान में राजेंद्र राणा ने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने रोहडू विधानसभा क्षेत्र के डोडरा क्वार के दौरे के दौरान खुद को इस क्षेत्र में आने वाले पहले मुख्यमंत्री के रूप में प्रचारित किया। जबकि इस तथ्य से सभी परिचित हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का यह विधानसभा क्षेत्र रहा है और वे कई बार यहां का दौरा कर चुके हैं। राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री की ओर से बार-बार 10 में से 5 गारंटियों के पूरे होने के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा बेरोजगारों को रोजगार देने और 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने का वादा आज भी अधूरा है। प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। राणा ने बताया कि अब खुद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी पार्टी नेताओं को नसीहत दे रहे हैं कि वे केवल वही वादे करें, जिन्हें पूरा किया जा सके।