हमीरपुर। पंचायत समिति हमीरपुर की त्रैमासिक बैठक बुधवार को पंचायत समिति हॉल में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता पंचायत समिति हमीरपुर के अध्यक्ष हरीश शर्मा ने की। इसमें विभिन्न पंचायतों के प्रधानों और पंचायत समिति के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान 15वें वित्त आयोग के तहत 35 लाख रुपये की राशि को विभिन्न वार्डों में वितरित किया गया। अध्यक्ष हरीश शर्मा ने कहा कि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार छोटे रूटों पर टेंपो ट्रेवलर के रूट चलाए जाने हैं।
इस पर चर्चा की गई और प्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए। पंचायत प्रतिनिधियों ने अपनी पंचायतों में टेंपो ट्रेवलर चलाने के लिए रूट सुझाए। आवासीय भवनों के किराये को लेकर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि पूर्व में पंचायत समिति के आवासीय भवनों का किराया बढ़ाने से पहले हाउस की अनुमति ली जाती थी। बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि अब सरकार के आदेशानुसार समय-समय पर आवासीय भवनों के किराये को बढ़ा दिया जाएगा। प्रस्ताव के पारित होने से अब पंचायत समिति की दुकानों और आवासीय भवनों का किराया बढ़ाने के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। किराया बढ़ाने को लेकर विवाद न हो, इसके लिए यह फैसला लिया गया है। वहीं, बैठक में मनरेगा के तहत सामग्री के बिल का भुगतान न होने का मुद्दा भी उठा। इस पर पंचायत समिति हमीरपुर के अध्यक्ष हरीश शर्मा ने कहा कि बैठक में पारित प्रस्तावों को सरकार काे भेजा जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास प्रभावित न हो।