हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में दाखिल मरीजों से मिलने का समय बदल दिया गया है। अस्पताल में दाखिल मरीजों से मिलने के लिए अब तीमारदारों को शाम चार से पांच बजे तक का समय दिया गया है। पहले तीमारदार एक से दो बजे तक मिल सकते थे। सुबह के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सुबह सात से आठ बजे तक तीमारदार मिल सकेंगे। इसके अलावा अन्य समय में मरीजों से तीमारदार नहीं मिल सकते। अस्पताल में दाखिल मरीज के साथ महज एक ही व्यक्ति उपस्थित रहेगा। उसका भी पास बनवाना अनिवार्य है। इसका कारण यह है कि अस्पताल में प्रशिक्षु चिकित्सक भी पढ़ाई करते हैं और विभिन्न वार्डों में चिकित्सक उन्हें पढ़ाते हैं लेकिन मरीजों के साथ जमावड़ा लगा रहता था। वहीं, जिस बिस्तर पर मरीज सो रहा होता है वहीं दूसरे व्यक्ति भी सो रहे होते थे। इससे इन प्रशिक्षु चिकित्सकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिए अब निर्धारित समय में ही तीमारदार मिल सकते हैं। पूर्व में मरीजों से मिलने का समय दोपहर एक बजे से दो बजे तक निर्धारित किया गया था लेकिन अब इसे बदल दिया गया है। इस बारे में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि अस्पताल में मरीजों से मिलने के लिए अब समय में बदलाव किया गया है ताकि लोगों को भी सुविधा रहे और प्रशिक्षु चिकित्सकों की पढ़ाई भी प्रभावित न हो।