सहकारी सभा संगरोह के कार्यालय में लगा ताला
हमीरपुर। दि संगरोह कृषि सेवा सहकारी सभा सीमित में प्रशासक की नियुक्ति को सहकारी सभाएं शिमला पंजीयक के समक्ष कमेटी की ओर से चुनौती दी गई है। ऐसे में अब इस मामले में तीन मई को शिमला स्थित पंजीयक कार्यालय में सुनवाई तय हुई है। सहायक पंजीयक कार्यालय हमीरपुर को पंजीयक कार्यालय से समन जारी किया गया है। सभा कमेटी ने पंजीयक कार्यालय में अपील की थी जिस पर यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, सहायक पंजीयक कार्यालय हमीरपुर को इसकी कोई कॉपी कमेटी की ओर से नहीं दी गई है। सुनवाई में सहकारी सभाएं हमीरपुर के जिला निरीक्षक पेश होंंगे।
सभा में गत एक वर्ष से ऑडिट पैरा खामियों की जांच चल रही है। मामले में सचिव की ओर से जांच में सहयोग न मिलने पर गत माह 27 अप्रैल को विभाग ने प्रशासक नियुक्त कर दिया है। यहां पर सभा कार्यकारिणी को भंग कर विभाग के नियंत्रण में ले लिया गया है। 27 अप्रैल को सहकारी सभाएं हमीरपुर की ओर से मामले की आगामी जांच पूरा होने तक प्रशासक की नियुक्ति की गई है। यहां पर सहकारी सभाएं विभाग हमीरपुर के निरीक्षक (अंकेक्षक) को प्रशासक नियुक्त किया गया है। विभाग का दावा है कि प्रशासक की नियुक्ति की बाद भी सभा सचिव जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। यहां पर सचिव और विभाग दोनों की तरफ से सभा कार्यालय में ताले जड़ दिए गए हैं। बुधवार को प्रशासक फिर कार्यभार संभालने के लिए कार्यालय में पहुंचे थे लेकिन ताला लगा होने से आगामी कार्रवाई नहीं कर पाए। हालांकि, राशन वितरण का कार्य सेलमैन कर रहा है। कार्यालय में ताले लगे हैं। इससे एक हजार शेयरधारकों के दस्तावेजों से जुड़े कार्य अटके हुए हैं। सभा में राशन वितरण के अलावा कोई भी कार्य नहीं हो रहा है। ऐसे में शेयर धारक भी असमंजस में है।
सचिव ने पांच दिन का मेडिकल सौंपा, अपील से प्रधान की दूरी
सभा के सचिव किशोरी लाल की ओर से विभाग को पांच दिन का मेडिकल सौंपा गया है। हालांकि, सचिव 27 और 29 अप्रैल को कहां पर थे, यह स्पष्ट नहीं किया है। पंजीयक के समक्ष की गई अपील में उपप्रधान रमेश के साथ कितने मेंबर हैं यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है। सभा के प्रधान इस अपील में शामिल नहीं हैं।
कोट
सहकारी सभाएं हमीरपुर के सहायक पंजीयक बीना भाटिया ने कहा कि कमेटी की ओर से पंजीयक कार्यालय शिमला में अपील की गई है। इस अपील पर तीन मई को सुनवाई होगी। प्रशासक बुधवार को कार्यभार संभालने गए थे लेकिन कार्यालय में ताला लगा हुआ है। जिला निरीक्षक अपील की सुनवाई में विभाग की ओर से पेश होंगे।