नादौन (हमीरपुर)। यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नादौन पुलिस ने शिकंजा कसते हुए बुधवार को 20 वाहन चालकों के चालान काटे। अमर उजाला ने 21 मार्च के अंक में ‘ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना हुआ आम’ शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई शुरू की है। यातायात प्रभारी नरेश कुमार की अगुवाई में इंद्रपाल चौक पर नाका लगाया गया। नरेश कुमार ने कहा कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को भी हेलमेट का प्रयोग करने की सख्त हिदायत दी। वहीं, अन्य वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग करने की हिदायत दी गई। थाना प्रभारी योगराज ने कहा कि समय-समय पर पुलिस ऐसे अभियान चलाती है।