सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के चौगान में होली मेले में दुकानदारों की ओर से पॉलिथीन प्रयोग करने पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 30 दुकानदारों के चालान काटे हैं। इनसे करीब पंद्रह हजार जुर्माना वसूला है। इस दौरान दुकानदारों को पॉलिथीन का प्रयोग ने करने की हिदायत भी जारी की गई है। इससे पहले बुधवार को भी पुलिस ने 50 दुकानदारों के चालान कर 25 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया था। प्रदेश में पॉलिथीन के प्रयोग पर प्रतिबंध हैं लेकिन कई दुकानदार नियमों की अवहेलना करते हैं। सुजानपुर चौगान में होली मेला आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान अस्थायी दुकानों पर विभिन्न प्रकार के उत्पाद बिक रहे हैं। दुकानदार प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग कर रहे हैं। पुलिस विभाग ने उक्त मामले में संज्ञान लिया है। उधर थाना प्रभारी सुजानपुर राकेश ने कहा कि पॉलिथीन के प्रयोग करने पर पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को भी दुकानदारों के चालान काटे हैं।