सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के चौगान में होली मेले में दुकानदारों की ओर से पॉलिथीन प्रयोग करने पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस की ओर से करीब 50 दुकानदारों के चालान काटे गए हैं। वहीं दुकानदारों से करीब 25 हजार रुपये जुर्माना वसूला है और हिदायतें भी जारी की गई हैं। प्रदेश में पॉलिथीन के प्रयोग पर प्रतिबंध हैं लेकिन कई दुकानदार नियमों की अवहेलना करते हैं। सुजानपुर चौगान में होली मेला आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान अस्थायी दुकानों में कारोबारी विभिन्न प्रकार के उत्पाद बेच रहे हैं। दुकानदारों की ओर से प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग किया जा रहा था। पुलिस विभाग ने उक्त मामले में संज्ञान लिया है। उधर थाना प्रभारी सुजानपुर राकेश ने कहा कि पॉलिथीन के प्रयोग करने पर 50 दुकानदारों के चालान करके 25 हजार जुर्माना वसूला है। उन्होंने कहा कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।